जलभराव और आवागमन बाधित होने पर कंपनी प्रबंधन को जल्द पुनर्निर्माण के निर्देश
बारिश में टूटी हिंडाल्को की बाउंड्रीवॉल, विधायक ने मौके पर पहुंचकर लगाई फटकार

बारिश में टूटी हिंडाल्को की बाउंड्रीवॉल, विधायक ने मौके पर पहुंचकर लगाई फटकार
जलभराव और आवागमन बाधित होने पर कंपनी प्रबंधन को जल्द पुनर्निर्माण के निर्देश
सिंगरौली संवाददाता
सिंगरौली जिले में देवसर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत ओड़गड़ी अंतर्गत ममरी डाँड़ में भारी बारिश के कारण हिंडाल्को द्वारा निर्मित बाउंड्रीवॉल टूटने से उत्पन्न स्थिति का रविवार को विधायक राजेंद्र मेश्राम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। बाउंड्रीवॉल टूटने से क्षेत्र में आवागमन बाधित होने के साथ आसपास जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई थी।विधायक ने बरगवां थाना प्रभारी, बरगवां मंडल अध्यक्ष मंगल सिंह, तहसीलदार एवं क्षेत्रवासियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थिति की जानकारी लेने के बाद कंपनी प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। विधायक ने बाउंड्रीवॉल टूटने और उससे उत्पन्न समस्या को लेकर कंपनी प्रबंधन एवं अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए बाउंड्रीवॉल का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराने तथा जल निकासी सहित समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भारी बारिश के दौरान ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए निर्माण एवं जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जाए।मौके पर मौजूद क्षेत्रवासियों ने भी जलभराव और आवागमन से जुड़ी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।



