ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मल्हार पार्क में स्थापित होगी अग्रसेन महाराज की प्रतिमा, जयंत अस्पताल के समीप तिराहे का नामकरण सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर करने का निर्णय

नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में परिषद की बैठक आयोजित, सिविक सेंटर निर्माण को मिली मंजूरी

नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में परिषद की बैठक आयोजित, सिविक सेंटर निर्माण को मिली मंजूरी

सिविक सेंटर में बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम और आकर्षक चौपाटी, स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर

मल्हार पार्क में स्थापित होगी अग्रसेन महाराज की प्रतिमा, जयंत अस्पताल के समीप तिराहे का नामकरण सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर करने का निर्णय

सिंगरौली, 15 अक्टूबर 2026। नगर पालिक निगम सिंगरौली की परिषद की साधारण बैठक नगर निगम अध्यक्ष  देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने तथा नगरीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शहरवासियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सिविक सेंटर के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई। इसके साथ ही स्टोर में रखी पुरानी अनुपयोगी सामग्री की नीलामी, मल्हार पार्क में अग्रसेन महाराज की प्रतिमा स्थापित करने तथा जयंत अस्पताल के समीप स्थित तिराहे का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर करने के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।

बैठक में सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक  रामनिवास शाह, महापौर  रानी अग्रवाल, मेयर-इन-काउंसिल के सदस्य खुर्शीद आलम, श्रीमती शिवकुमारी कुशवाहा,  रुकमुन प्रजापति,  श्यामा वर्मा,  बबली शाह एवं  अंजना शाह सहित नगर निगम आयुक्त  सविता प्रधान उपस्थित रहीं। बैठक का शुभारंभ राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात पूर्व बैठक के एजेंडे को उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। परिषद के समक्ष प्रस्तुत विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समयाभाव के कारण बैठक की शेष कार्यवाही अगले दिन प्रातः 11 बजे तक के लिए स्थगित की गई।

शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने तथा नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सिविक सेंटर का निर्माण महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। परिषद की बैठक में सिविक सेंटर निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान की गई। इस परियोजना के अंतर्गत सांस्कृतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। इससे शहरवासियों को विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। सिविक सेंटर परिसर में शहरवासियों के मनोरंजन और परिवार के साथ समय बिताने के लिए आकर्षक चौपाटी विकसित करने की भी योजना है। इसके अंतर्गत फूड जोन और वॉकिंग जोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे नागरिकों को खानपान, मनोरंजन और सैर-सपाटे के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल मिल सकेगा। सिविक सेंटर के विकसित होने से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय व्यवसायों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

परिषद की बैठक में नगर निगम के स्टोर में रखी पुरानी एवं अनुपयोगी सामग्री की नीलामी करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। इससे अनुपयोगी सामग्री का नियमानुसार निस्तारण किया जा सकेगा तथा निगम के संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होगा। बैठक में मल्हार पार्क में अग्रसेन महाराज की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके साथ ही जयंत अस्पताल के समीप स्थित तिराहे का नामकरण सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर करने का निर्णय लिया गया। इन निर्णयों के माध्यम से शहर में महापुरुषों के प्रति सम्मान व्यक्त करने तथा उनके योगदान को स्मरण रखने की दिशा में पहल की गई है। परिषद की बैठक के पश्चात नगर निगम अध्यक्ष  देवेश पाण्डेय ने महापौर सहित पार्षदों के साथ शॉपिंग प्लाजा का भौतिक निरीक्षण एवं विस्तृत सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान प्लाजा की वर्तमान स्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष  सीमा जायसवाल, भारतेंद्र पाण्डेय, विजय कुमार साहू, रविंद्र सिंह, प्रेमसागर मिश्रा,  देवमती, बाबूनंदन बंसल, अनिल कुमार वैश्य,  अनुष्का यादव, गौरी अर्जुनदास गुप्ता,  उर्मिला सिंह,  अखिलेश सिंह,  आशीष बैस, कमलेश वर्मा एवं संजय कुमार सिंह सहित नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, कार्यपालन यंत्री अरविंद मडराई तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

  • 📰 देश दस्तक न्यूज़
    सच की दस्तक, हर घर तक।
    निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए समर्पित डिजिटल समाचार मंच।

    जनहित, पारदर्शिता और विश्वसनीय खबरें हमारी पहचान हैं।

    "जनता की आवाज़ • सच का संकल्प • राष्ट्रहित सर्वोपरि"

Deshdastak

📰 देश दस्तक न्यूज़ सच की दस्तक, हर घर तक। निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए समर्पित डिजिटल समाचार मंच। जनहित, पारदर्शिता और विश्वसनीय खबरें हमारी पहचान हैं। "जनता की आवाज़ • सच का संकल्प • राष्ट्रहित सर्वोपरि"

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *