माड़ा के टॉपर्स को रणधीर सिंह का सम्मान, 20 प्रतिभाओं को मिला सम्मान और सफलता का तोहफा
चार साल, 81 प्रतिभाएं और सम्मान का सिलसिला जारी

माड़ा के टॉपर्स को रणधीर सिंह का सम्मान, 20 प्रतिभाओं को मिला सम्मान और सफलता का तोहफ
सिंगरौली/माड़ा। मेहनत करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए माड़ा जनपद सदस्य रणधीर सिंह ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी पहल की। उन्होंने अपने जनपद क्षेत्र के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के 20 मेधावी टॉपर छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, सिलाई मशीन एवं उपहार देकर सम्मानित किया।रणधीर सिंह की इस पहल की खास बात यह है कि यह सम्मान महज एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। वे लगातार चार वर्षों से अपने क्षेत्र के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करते आ रहे हैं। अब तक 81 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर चुके हैं।
सम्मान से बढ़ रहा विद्यार्थियों का हौसला
विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए रणधीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल उनकी मेहनत को पहचान देने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की। इसी सोच के साथ हर वर्ष टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करने का प्रयास किया जा रहा है। लैपटॉप और सिलाई मशीन जैसे उपयोगी उपहार विद्यार्थियों के लिए केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि उनके भविष्य को नई दिशा देने का माध्यम भी हैं। इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति प्रतिस्पर्धा और बेहतर परिणाम हासिल करने का उत्साह पैदा हो रहा है।
चार साल, 81 प्रतिभाएं और सम्मान का सिलसिला जारी
रणधीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मान देने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। अगले वर्ष भी 10वीं और 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को इसी तरह सम्मानित किया जाएगा। उनका उद्देश्य है कि माड़ा क्षेत्र का हर प्रतिभाशाली बच्चा अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़े और क्षेत्र का नाम रोशन करे।रणधीर सिंह की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने विद्यार्थियों के भविष्य के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए सराहा। सम्मान समारोह में विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उपलब्धि का गर्व साफ नजर आया। यह पहल निश्चित तौर पर ‘प्रतिभा को सम्मान और मेहनत को पहचान’ देने की दिशा में एक सराहनीय उदाहरण बनकर सामने आई है।



