अवैध रेत परिवहन पर शिकंजा: माड़ा पुलिस ने बिना नंबर का ट्रैक्टर किया जब्त
बिना नंबर का ट्रैक्टर छोड़कर भागा चालक

अवैध रेत परिवहन पर शिकंजा: माड़ा पुलिस ने बिना नंबर का ट्रैक्टर किया जब्त
सिंगरौली जिले ग्राम ओखरावल म्यार नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन किए जाने की सूचना पर माड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेत से लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2026 की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ओखरावल म्यार नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर ट्रैक्टर के जरिए खमरिया की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी माड़ा शिवपूजन मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।
बिना नंबर का ट्रैक्टर छोड़कर भागा चालक
पुलिस टीम ग्राम खमरिया से विश्वकर्मा तिराहा की ओर पहुंची तो सामने से नीले रंग का सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रैक्टर सड़क पर खड़ा किया और मौके से भाग निकला जांच के दौरान ट्रैक्टर बिना नंबर का मिला। वाहन पर सोनालिका कंपनी का DI-734 मॉडल अंकित था। पुलिस ने ट्रैक्टर की जांच की तो इसमें करीब 3.06 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर-ट्रॉली और रेत पाया गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने में सुरक्षित खड़ा कराया।
पुलिस के मुताबिक मामले में आरोपी चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उसके खिलाफ धारा 303(2), 317(5) एवं 4/21 खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा, प्रधान आरक्षक रामसुख यादव, प्रधान आरक्षक संजीव रावत, आरक्षक आविद कुरैशी, आरक्षक आकाश सिंह और आरक्षक मनोज रावत की भूमिका रही।



