तिरंगे की शान में झूम उठा सरई, बेटियों ने प्रस्तुतियों से मोहा मन

तिरंगे की शान में झूम उठा सरई, बेटियों ने प्रस्तुतियों से मोहा मन..

सिंगरौली/सरई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल सरई एवं नगर परिषद सरई के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नन्हीं छात्राओं की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, उत्साह और राष्ट्रभक्ति की झलक साफ दिखाई दी। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के संघर्ष और उसके महत्व से अवगत कराते हुए देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के मूल्यों की रक्षा करने का संदेश दिया।समारोह में विद्यालय परिवार, नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों, तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में ऐसा रंग भरा कि हर किसी के चेहरे पर देशभक्ति का उत्साह नजर आया।



