सिंगरौली में ‘SAFE CLICK-2026’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार
बाइक रैली से लेकर गांव-गांव पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश

सिंगरौली में ‘SAFE CLICK-2026’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार

बाइक रैली से लेकर गांव-गांव पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश

सिंगरौली //1 जुलाई 2026 // मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में चल रहे प्रदेशव्यापी “SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता अभियान 2.0 के आठवें दिन सिंगरौली जिले में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाइक रैली और ग्रामीण जनसंपर्क अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, यूपीआई धोखाधड़ी, ऑनलाइन निवेश ठगी समेत साइबर अपराधों के नए तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को सतर्क रहकर सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन करने और साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।
अभियान के तहत थाना विंध्यनगर पुलिस ने साइबर जागरूकता बाइक रैली निकाली। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों और स्लोगन वाली तख्तियां लेकर नगर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकालते हुए लोगों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं थाना गढ़वा पुलिस ने ग्राम मोहरिया में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें लगभग 50 ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, सोशल मीडिया सुरक्षा, बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों की पहचान और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें, बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें और साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करें।
सिंगरौली पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य जागरूकता के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना और “साइबर स्वच्छता (Cyber Hygiene)” की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
“SAFE CLICK-2026″ अभियान का संदेश है—”सतर्क क्लिक, सुरक्षित भविष्य”, क्योंकि “जागरूक नागरिक ही साइबर सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल हैं।”



