Singrauliखास खबरबड़ी खबरेंमध्य प्रदेश

किराए पर आवास देने वाले हितग्राहियों पर होगी कार्रवाई, आवंटन निरस्त करने के निर्देश

नगर निगम आयुक्त ने गनियारी स्थित प्रधानमंत्री आवास परिसर का किया निरीक्षण

नगर निगम आयुक्त ने गनियारी स्थित प्रधानमंत्री आवास परिसर का किया निरीक्षण

किराए पर आवास देने वाले हितग्राहियों पर होगी कार्रवाई, आवंटन निरस्त करने के निर्देश

सिंगरौली 29 जून 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने एवं पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त  सविता प्रधान ने गनियारी स्थित प्रधानमंत्री आवास परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवास परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल तथा आवासों की स्थिति का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्रीमती प्रधान ने परिसर में रिक्त पड़े आवासों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी खाली आवासों को प्राथमिकता के आधार पर पात्र एवं जरूरतमंद हितग्राहियों को शीघ्र आवंटित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो तथा कोई भी आवास अनावश्यक रूप से खाली न रहे।

उन्होंने परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए नियमित सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि आवास परिसर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसके लिए संबंधित अमले को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने नालियों की सफाई, कचरा निष्पादन एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही, परिसर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए निगमायुक्त ने कहा कि हितग्राहियों को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए उन्होंने पाइप लाइन के माध्यम से नियमित एवं सुचारू पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही, परिसर में आवागमन को सुगम बनाने के लिए मुख्य पहुंच मार्ग के तत्काल सुधार एवं मरम्मत कार्य को भी जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आयुक्त श्रीमती प्रधान ने कहा कि परिसर में रहने वाले हितग्राहियों को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब विद्युत उपकरणों, स्ट्रीट लाइट एवं वायरिंग की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा परिसर की विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा जाए। निरीक्षण के दौरान यह बात भी सामने आई कि कुछ हितग्राहियों द्वारा अपने आवास किराए पर दिए गए हैं अथवा वे स्वयं वहां निवास नहीं कर रहे हैं। इस पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त ने ऐसे मामलों की जांच कर संबंधित हितग्राहियों को चिन्हित करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित की गई है और यदि कोई हितग्राही नियमों का उल्लंघन करते हुए आवास को किराए पर देता पाया जाता है तो उसका आवंटन निरस्त किया जाएगा।

आयुक्त श्रीमती प्रधान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास परिसर की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस निरीक्षण के दौरान नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर  आर.पी. बैस, सहायक आयुक्त  ज्योति सिंह, सहित संबंधित सहायक यंत्री एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।

Author

  • 📰 देश दस्तक न्यूज़
    सच की दस्तक, हर घर तक।
    निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए समर्पित डिजिटल समाचार मंच।

    जनहित, पारदर्शिता और विश्वसनीय खबरें हमारी पहचान हैं।

    "जनता की आवाज़ • सच का संकल्प • राष्ट्रहित सर्वोपरि"

Deshdastak

📰 देश दस्तक न्यूज़ सच की दस्तक, हर घर तक। निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए समर्पित डिजिटल समाचार मंच। जनहित, पारदर्शिता और विश्वसनीय खबरें हमारी पहचान हैं। "जनता की आवाज़ • सच का संकल्प • राष्ट्रहित सर्वोपरि"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *