
जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ‘लाडली लक्ष्मी उत्सव
सिंगरौली 2 मई 2026/प्रदेशव्यापी निर्देशों के अनुपालन में आज सिंगरौली जिले में ‘लाडली लक्ष्मी उत्सव’ का गरिमामय आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शासकीय कन्या महाविद्यालय, बैढ़न में आयोजित हुआ, जिसमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती सिंह ने लाडली लक्ष्मी बालिकाओं के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने हेतु प्रोत्साहित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की शहरी परियोजना टीम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं को लाडली लक्ष्मी योजना के विभिन्न लाभों की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ उनके बेहतर भविष्य के लिए करियर काउंसलिंग भी प्रदान की गई।
इससे पूर्व, उत्सव का शुभारंभ लाडली लक्ष्मी पार्क, विन्ध्यनगर में ‘एक पौधा लाडली बालिका के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर लाडली लक्ष्मी पथ पर बालिकाओं के साथ सामूहिक गतिविधियाँ और उत्साहवर्धक कार्यक्रम भी संपन्न हुए। जिला मुख्यालय के साथ-साथ यह उत्सव जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी पूरी भव्यता के साथ मनाया गया, जहाँ स्थानीय स्तर पर लाडली बालिकाओं का सम्मान कर योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में बालिकाएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।












