नगर परिषद बरगवां में भ्रष्टाचार का खेल, वार्ड क्रमांक 01 की सड़क निर्माण में खुली पोल
अधिकारियों के साथ ठेकेदार पर मिलीभगत के आरोप

नगर परिषद बरगवां में भ्रष्टाचार का खेल, वार्ड क्रमांक 01 की सड़क निर्माण में खुली पोल
सिंगरौली नगर परिषद बरगवां के वार्ड क्रमांक 01 में हो रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का मामला उजागर हुआ है। स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ठेकेदार द्वारा घटिया और निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटिया मटेरियल से बन रही सड़क लोगों का आरोप
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण में सीमेंट और गिट्टी की जगह धूल-मिट्टी (भक्शी) का उपयोग किया जा रहा है। नाम मात्र की सिर्फ गिट्टी डाली जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह से बनाई गई सड़क पहली बरसात या कुछ ही महीनों में टूट-फूट का शिकार हो जाएगी। जिसमें लाभग कई लाख रुपये की लागत से हो रहा यह निर्माण कार्य जनता की मेहनत की कमाई पर सीधा डाका डालने जैसा है।
अधिकारियों के साथ ठेकेदार पर मिलीभगत के आरोप
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर परिषद अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से ऐसे घटिया निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब बरगवां में निम्न स्तर के निर्माण कार्य हुए हों। इससे पहले भी कई निर्माण कार्य ऐसे ही हुए, जिनकी गुणवत्ता की न तो जांच की गई और न ही जिम्मेदारों पर कोई कार्यवाही की गई।
लोगों की उम्मीदें नए सीएमओ पर टिकीं
लोगों का कहना है कि पूर्व सीएमओ के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर रहा और गुणवत्ता विहीन कार्यों की भरमार रही, जिनकी जांच तक नहीं की गई। अब नगर परिषद बरगवां में नए सीएमओ के पदभार संभालने के बाद जनता को उम्मीद है कि भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्यवाही होगी।
सवालों के घेरे में जिम्मेदार
हालांकि, जब इस मामले पर नए सीएमओ से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या नए सीएमओ जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और भ्रष्टाचार पर नकेल कस पाएंगे, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह दबा दिया जाएगा।













