अधिकारियों की ढिलाई से फिर पटरी पर लौटा अतिक्रमण, आमजन हो रहे परेशान
नगर परिषद बरगवां की कार्यवाही बनी महज दिखावा
अधिकारियों की ढिलाई से फिर पटरी पर लौटा अतिक्रमण, आमजन हो रहे परेशान
सिंगरौली। नगर परिषद बरगवां की कार्यवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बीते दिनों नगर परिषद द्वारा सड़कों के किनारे दुकानें लगाने वाले पथ विक्रेताओं पर कार्रवाई करते हुए हिदायत दी गई थी कि मुख्य मार्गों पर कोई भी अतिक्रमण न करें। हालांकि यह कार्रवाई कुछ ही दिनों की दिखावटी साबित हुई और अब स्थिति पुनः पहले जैसी हो गई है। सड़कों पर दोबारा ठेले, खोमचे और दुकानों का कब्जा जम गया है, जिससे राहगीरों के लिए निकलना मुश्किल हो गया है।
खुद की पीठ थपथपाते नजर आए अधिकारी
नगर परिषद बरगवां में नए सीएमओ के कार्यभार संभालने के बाद शुरू में जिस सख्त कार्यशैली की चर्चा हो रही थी, वह अब केवल बातें भर लगती हैं। सीमित स्तर पर की गई छोटी-छोटी कार्यवाहियों को ही उपलब्धि बताकर अधिकारी स्वयं की पीठ थपथपाते नजर आ रहे हैं।
जनसमस्याओं से ज्यादा “मेहमान नवाजी” में व्यस्त सीएमओ
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद के नए सीएमओ अंकित उक्के आम जनता की समस्याओं से ज्यादा बड़े अधिकारियों और नेताओं के स्वागत-सत्कार में व्यस्त रहते हैं। बताया जा रहा है कि आम नागरिकों को अपनी शिकायत लेकर मिलने तक का अवसर नहीं मिल पाता।
नगर परिषद की ढिलाई और दिखावटी कार्यवाहियों के चलते शहर में अतिक्रमण की समस्या पुनः गहराने लगी है। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि नगर की सुंदरता और व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है।