सरई में हुई अंधीहत्या का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी चढ़े हत्थे
सरई में हुई अंधीहत्या का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी चढ़े हत्थे
सिंगरौली। थाना सरई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोरा निवासी पुष्पेन्द्र साहू की अंधीहत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, पुलिस उपमहानिरीक्षक रीवा राजेश सिंह चंदेल तथा पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री के निर्देशन में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने इस जघन्य वारदात का खुलासा किया।
7 जुलाई 2025 को फरियादी पवन साहू ने थाना सरई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका भाई पुष्पेन्द्र साहू 6 जुलाई की रात अपने पाही में सोने गया था, लेकिन सुबह वह वहां नहीं मिला और उसका मोबाइल भी बंद था। 19 जुलाई को गोरा जंगल स्थित खरहरी नाला से एक नरकंकाल बरामद हुआ। डीएनए जांच के बाद 5 सितम्बर को पुष्टि हुई कि वह कंकाल पुष्पेन्द्र का ही है। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि मृतक पुष्पेन्द्र के खिलाफ कई लोगों की रंजिश थी।आरोपी रावेन्द्र साहू का मृतक के घर की एक महिला से प्रेम प्रसंग था, जिससे उसका विवाद होता रहता था।
रामकुमार और विजय साहू मानते थे कि पुष्पेन्द्र उनके खिलाफ दर्ज आत्महत्या के मामले में मदद कर रहा था।
धीरज साहू भी मृतक से नाराज था क्योंकि वह उसके घर की महिला से बातचीत करता था।
ऐसे दी वारदात को अंजाम
चारों आरोपियों ने करीब एक माह पहले ही हत्या की योजना बनाई थी। 6 जुलाई की रात जब पुष्पेन्द्र अपनी मोटरसाइकिल से पाही पहुंचा तो वहां घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल ले जाकर गड्ढे में दफना दिया। वहीं, धीरज साहू ने मृतक का मोबाइल व चप्पल अलग-अलग स्थानों पर छुपा दिए।
गिरफ्तार आरोपी:
1. रावेन्द्र साहू पिता स्व. सुमारू साहू
2. धीरज साहू पिता धनेश साहू (दोनों निवासी ग्राम गोरा, थाना सरई)
पहले से जेल में निरुद्ध आरोपी:
1. रामकुमार साहू पिता रामकरण साहू
2. विजय साहू पिता दीनानाथ साहू
बरामद सामग्री
गमछा, मोटरसाइकिल, फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन।
पुलिस टीम का योगदान
एसआईटी का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते ने किया। टीम में एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम, थाना प्रभारी सरई निरीक्षक जीतेन्द्र सिंह भदौरिया समेत पुलिस के कई अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।