बड़ी खबरेंमध्य प्रदेशसिंगरौली

उत्कृष्ट विद्यालय में संचालित निःशुल्क कोचिंग का कमिश्नर रीवा ने लिया जायजा, विद्यार्थियों से किया संवाद

निःशुल्क आईआईटी, नीट एवं जेईई कोचिंग कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों से रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने संवाद किया

उत्कृष्ट विद्यालय में संचालित निःशुल्क कोचिंग का कमिश्नर रीवा ने लिया जायजा, विद्यार्थियों से किया संवाद

सिंगरौली, 12 सितम्बर 2026/ कलेक्टर गौरव बैनल के प्रयासों से सीएसआर मद के माध्यम से उत्कृष्ट विद्यालय में चैतन्य अकादमी द्वारा संचालित निःशुल्क आईआईटी, नीट एवं जेईई कोचिंग कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों से रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने संवाद किया। इस दौरान कमिश्नर ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, तैयारियों, लक्ष्य एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अनुभवों की जानकारी ली तथा उन्हें सफलता के लिए प्रेरित किया।कमिश्नर ने निःशुल्क कोचिंग की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी विद्यार्थी के सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर गौरव बैनल के प्रयासों से संचालित यह निःशुल्क कोचिंग सिंगरौली के विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने का बेहतर मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यालय आने का उद्देश्य केवल पढ़ाई पूरी करना नहीं, बल्कि अपने जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना होना चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी अपना लक्ष्य निर्धारित करे और उसे प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं सकारात्मक सोच के साथ मेहनत करे। उन्होंने कहा कि निर्भयता और आत्मविश्वास सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी हैं। परीक्षा को लेकर भयभीत होने के बजाय अपनी तैयारी पर विश्वास रखें। कमिश्नर ने कहा कि विद्यार्थियों को महापुरुषों एवं सफल व्यक्तित्वों की जीवनियों का अध्ययन करना चाहिए। उनके संघर्ष, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अपने सिलेबस को समय-सीमा में पूर्ण करें और बार-बार उसका अभ्यास करें। सिलेबस जितना मजबूत होगा, उतना ही आत्मविश्वास बढ़ेगा और परीक्षा के समय तनाव कम होगा। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से टेस्ट सीरीज आयोजित की जाए। विद्यार्थियों को परीक्षा के वास्तविक वातावरण में लगातार अभ्यास कराया जाए, ताकि परीक्षा के प्रति उनका भय समाप्त हो और समय प्रबंधन, प्रश्नों को समझने तथा सही उत्तर देने की क्षमता विकसित हो। उन्होंने कहा कि गलतियों से घबराने के बजाय उन्हें अपनी तैयारी को बेहतर बनाने का अवसर मानें। प्रत्येक टेस्ट के बाद अपनी कमियों का विश्लेषण कर उन्हें दूर करें। कमिश्नर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि रोज किए गए छोटे-छोटे प्रयासों का परिणाम होती है। परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने लक्ष्य से विचलित न हों। स्वयं पर विश्वास रखें, समय का सदुपयोग करें और निरंतर प्रयास करते रहें। उल्लेखनीय है कि चैतन्य अकादमी द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं में विद्यार्थियों को नीट, आईआईटी एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। कोचिंग में वर्तमान में 100-100 विद्यार्थियों को इन परीक्षाओं के लिए तैयार किया जा रहा है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोचिंग कक्षाओं की लाइव टेलीकास्टिंग की व्यवस्था की तैयारी भी की जा रही है, जिससे विद्यार्थी दूरस्थ स्थानों से भी कक्षाओं का लाभ ले सकेंगे। साथ ही हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय समय के उपरांत भी कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।इस अवसर पर कलेक्टर गौरव बैनल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, तहसीलदार सविता यादव सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Author

  • 📰 देश दस्तक न्यूज़
    सच की दस्तक, हर घर तक।
    निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए समर्पित डिजिटल समाचार मंच।

    जनहित, पारदर्शिता और विश्वसनीय खबरें हमारी पहचान हैं।

    "जनता की आवाज़ • सच का संकल्प • राष्ट्रहित सर्वोपरि"

Deshdastak

📰 देश दस्तक न्यूज़ सच की दस्तक, हर घर तक। निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए समर्पित डिजिटल समाचार मंच। जनहित, पारदर्शिता और विश्वसनीय खबरें हमारी पहचान हैं। "जनता की आवाज़ • सच का संकल्प • राष्ट्रहित सर्वोपरि"

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *