मानवता की मिसाल बने समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी,असम के किशोर का शव निजी वाहन से सरई से असम पहुंचाने का उठाया जिम्मा
प्रेम सिंह भाटी के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है

क्राइम ब्योरों – अरविंद साकेत
सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोनी में असम से अपने दादा के घर घूमने आए 17 वर्षीय विक्रम बसोर की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद हजारों किलोमीटर दूर असम स्थित उनके घर तक पार्थिव शरीर पहुंचाना परिजनों के लिए बड़ी समस्या बन गया।
इस कठिन समय में समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपने निजी वाहन से पार्थिव शरीर को असम भिजवाने की जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने मामले की जानकारी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को दी, जिसके बाद रेडक्रॉस सोसाइटी से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई गई। शेष खर्च स्वयं वहन करते हुए दो चालकों की व्यवस्था एवं आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर पार्थिव शरीर को परिजनों के साथ असम के लिए रवाना कराया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रेम सिंह भाटी पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनकी इस संवेदनशील पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवार की मदद कर उन्होंने सच्ची मानवता का परिचय दिया है। प्रेम सिंह भाटी के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है। वहीं दिवंगत किशोर विक्रम बसोर के निधन पर क्षेत्र में शोक का माहौल है।




