7 अगस्त से सिंगरौली में होगा अभियान का शुभारंभ, 20 प्रमुख बिंदुओं पर अधिकारी करेंगे जमीनी समीक्षा
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत साप्ताहिक भ्रमण कार्यक्रम में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर रहेगा विशेष फोकस

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत साप्ताहिक भ्रमण कार्यक्रम में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर रहेगा विशेष फोकस
7 अगस्त से सिंगरौली में होगा अभियान का शुभारंभ, 20 प्रमुख बिंदुओं पर अधिकारी करेंगे जमीनी समीक्षा
सिंगरौली, 3 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक अभियान चलाया जायेगा। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में अभियान की शुरुआत जनपद पंचायत बैढ़न अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हारिया क्लस्टर से होगी। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत सिद्धकला, काम, सिद्धखुर्द, तियरा, टूसाखाड़, झाझी टोला, मकरोहर, सेमरिया, पिपरा, शासन, हर्रहवा, खम्हारिया, कुम्हिया, भाउखाड़ एवं भवरखोह को शामिल किया गया है। अभियान के तहत साप्ताहिक भ्रमण कार्यक्रमों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का व्यापक स्तर पर मूल्यांकन किया जाएगा तथा जनसमस्याओं का मौके पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित 20 प्रमुख विषयों पर क्षेत्रीय निरीक्षण किया जाएगा। इसमें सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई में प्राप्त लंबित शिकायतों, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों, राजस्व संबंधी नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा प्रकरणों, न्यायालयीन आदेशों के पालन, किसान आईडी निर्माण, आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी एवं आधार संबंधी लंबित कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना एवं जल जीवन मिशन के तहत हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं का भी मौके पर सत्यापन किया जाएगा। अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में कुपोषण की स्थिति, बच्चों के वजन एवं ऊंचाई का परीक्षण, स्वास्थ्य संस्थाओं में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, अध्ययन की गुणवत्ता, खाद-बीज की उपलब्धता तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली की उचित मूल्य दुकानों का भी निरीक्षण कर आमजन से फीडबैक लिया जाएगा।
भ्रमण के दौरान विभिन्न शासकीय परिसंपत्तियों, सड़कों, तालाबों, अमृत सरोवरों, जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित संरचनाओं एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया जाएगा। साथ ही आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, तहसील, पुलिस थाना, लोक सेवा केन्द्र, छात्रावास, औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों तथा खाद-बीज दुकानों, गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, विद्यालयों सहित निजी प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं संबल योजना सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच की समीक्षा की जाएगी। भ्रमण के दौरान स्थानीय स्तर पर चिन्हित प्रमुख समस्याओं एवं जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके।



