क्राइम न्यूज़खास खबरसिंगरौली

सिंगरौली में स्पा सेंटरों को लेकर बढ़ा विवाद, सामाजिक व धार्मिक संगठनो ने किया जोरदार विरोध..

अटल बिहारी सामुदायिक भवन के पास संचालित स्पा सेंटर फिर चर्चा में...?

अटल बिहारी सामुदायिक भवन के पास संचालित स्पा सेंटर फिर चर्चा में…?

रिहायशी क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों की वैधता पर उठे सवाल, जांच और कार्रवाई की मांग; बंद होने के बाद दोबारा खुलने पर भी चर्चाएं तेज

सिंगरौली जिले में संचालित स्पा सेंटरों को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। शहर के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर रिहायशी क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों के विरोध में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। संगठनों का आरोप है कि जिले में स्पा सेंटरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और इनकी आड़ में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। रविवार को सनातन रक्षा मंच सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहर के कई स्पा सेंटरों का निरीक्षण कर प्रशासन से उनकी वैधता की जांच कराने तथा नियमों के विरुद्ध संचालित पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

सिंगरौली में स्पा सेंटरों को लेकर बढ़ा विवाद, सामाजिक व धार्मिक संगठनो ने किया जोरदार विरोध..

शहर के अटल बिहारी सामुदायिक भवन से कुछ ही दूरी पर संचालित एक स्पा सेंटर इन दिनों चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का दावा है कि पूर्व में इस स्पा सेंटर की गतिविधियों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को बंद कराया था। अब कुछ दिनों बाद इसके पुनः संचालित होने लगी है इसी को लेकर शहर में यह सवाल भी उठ रहा है कि जिन स्पा सेंटरों के खिलाफ लगातार शिकायतें और विरोध प्रदर्शन होते हैं, वे आखिर किसके संरक्षण में दोबारा संचालन शुरू कर देते हैं। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

निरीक्षण की सूचना मिलते ही कुछ सेंटर मिले बंद..

सनातन रक्षा मंच के कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया। संगठन का दावा है कि निरीक्षण की जानकारी मिलने के बाद कुछ स्पा सेंटर संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। हालांकि, संबंधित संचालकों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। संगठनों का कहना है कि जिले में संचालित अधिकांश स्पा सेंटरों के पास वैध लाइसेंस नहीं है। उनका दावा है कि कुछ समय पहले नगर निगम द्वारा स्पा सेंटर संचालकों को आवश्यक लाइसेंस लेने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कई प्रतिष्ठान बिना आवश्यक अनुमति के संचालित हो रहे हैं। हालांकि, नगर निगम की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

रिहायशी क्षेत्रों में संचालन पर लोगों ने जताई नाराजगी..

सामाजिक संगठनों का कहना है कि शहर की कई कॉलोनियों और रिहायशी इलाकों में स्पा सेंटर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष है। उनका कहना है कि जिन स्थानों पर परिवार, महिलाएं और बच्चे रहते हैं, वहां इस प्रकार के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालन की वैधता की जांच होना आवश्यक है।

संगठनों ने कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन, लाइसेंस, सुरक्षा मानकों और संचालन संबंधी सभी नियमों की व्यापक जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी भी सेंटर में नियमों का उल्लंघन अथवा कोई अवैध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रशासन से संयुक्त जांच अभियान चलाने की मांग

संगठनों ने जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जिले में संचालित सभी स्पा सेंटरों का संयुक्त निरीक्षण कराया जाए। साथ ही यह सार्वजनिक किया जाए कि कौन-कौन से स्पा सेंटर वैध लाइसेंस के साथ संचालित हो रहे हैं और किनके विरुद्ध नियमों के उल्लंघन की शिकायतें प्राप्त हुई हैं।

एसपी बोले- लौटकर करेंगे चर्चा…

इस पूरे मामले में जब जिला पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वह फिलहाल जिले से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि लौटने के बाद इस विषय पर विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक चर्चा की जाएगी।

कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष ने कार्रवाई की मांग की…

जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के पूर्व अध्यक्ष अरविंद सिंह चंदेल ने कहा कि यदि जिले में इस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो उनका पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह बाहर हैं, लेकिन लौटने के बाद इस विषय को प्रशासन के समक्ष उठाएंगे और आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे।

सनातन रक्षा मंच ने दी आंदोलन की चेतावनी..

सनातन रक्षा मंच की संध्या मिश्रा ने कही कि जिले में यदि स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो संगठन इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन जमीनी स्तर पर अभियान चलाकर ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आंदोलन करेगा और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बंद कराने के लिए भी संघर्ष किया जाएगा।

समाजसेवी सुषमा वर्मा ने भी जताई आपत्ति

समाजसेवी सुषमा वर्मा ने कहा कि शहर के कई ऐसे स्थानों पर स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं जहां आसपास परिवार, महिलाएं और बच्चे रहते हैं। उन्होंने विशेष रूप से अटल बिहारी सामुदायिक भवन के निकट संचालित स्पा सेंटर का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां नियमित रूप से सामाजिक, सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिनमें जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक शामिल होते हैं। ऐसे स्थान के समीप इस प्रकार के प्रतिष्ठानों का संचालन उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें..

स्पा सेंटरों को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और सामाजिक संगठनों के विरोध के बाद अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, यदि स्पा सेंटर वैध अनुमति और नियमों के अनुरूप संचालित पाए जाते हैं, तो प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने की भी अपेक्षा की जा रही है।

Author

  • 📰 देश दस्तक न्यूज़
    सच की दस्तक, हर घर तक।
    निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए समर्पित डिजिटल समाचार मंच।

    जनहित, पारदर्शिता और विश्वसनीय खबरें हमारी पहचान हैं।

    "जनता की आवाज़ • सच का संकल्प • राष्ट्रहित सर्वोपरि"

Deshdastak

📰 देश दस्तक न्यूज़ सच की दस्तक, हर घर तक। निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए समर्पित डिजिटल समाचार मंच। जनहित, पारदर्शिता और विश्वसनीय खबरें हमारी पहचान हैं। "जनता की आवाज़ • सच का संकल्प • राष्ट्रहित सर्वोपरि"

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *