दमोह में हथियार दिखाकर लूट, इलेक्ट्रिक दुकानदार से ₹6 लाख से भरा बैग छीना, तीन आरोपी फरार..
दमोह जिले में हथियार दिखाकर लूट की एक गंभीर वारदात सामने आई है

दमोह में हथियार दिखाकर लूट, इलेक्ट्रिक दुकानदार से ₹6 लाख से भरा बैग छीना, तीन आरोपी फरार..
दमोह जिले में हथियार दिखाकर लूट की एक गंभीर वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार दमोह निवासी राजकुमार उर्फ राजू, जो इलेक्ट्रिक की दुकान का संचालन करते हैं, रहली से दमोह लौट रहे थे। वे रात करीब 10:35 बजे गढ़ाकोटा से निकले थे, तभी बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।पीड़ित राजकुमार के अनुसार, आरोपियों ने पीछे से उनकी बाइक पर लात मारी, जिससे वे बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने हथियार निकालकर जान से मारने की धमकी दी और उनका बैग छीन लिया। राजकुमार ने बताया कि बैग में करीब ₹6 लाख नकद थे, जो उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक सामान का कलेक्शन करने के बाद दमोह लाने के लिए रखे थे। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
राजकुमार ने यह भी बताया कि वे दमोह के सिविल वार्ड नंबर 10, सिंधी कैंप क्षेत्र के निवासी हैं।
घटना के बाद मौके से गुजर रहे एक राहगीर ने उनकी मदद की और 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की सहायता से घायल राजकुमार को दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जावेद खान ने बताया कि राजकुमार के सिर और नाक में चोट आई है, जिनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी मामले को लेकर एसआई विक्रम सिंह दागी ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। पीड़ित की शिकायत पर जान से मारने की धमकी, लूट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों आरोपी अज्ञात हैं और उनकी तलाश जारी है।”













