हरितालिका तीज पर सुहागिनों ने की पूजन-अर्चना, बरगवां ब्रह्मलोक मंदिर में उमड़ी आस्था
हरितालिका तीज पर सुहागिनों ने की पूजन-अर्चना, बरगवां ब्रह्मलोक मंदिर में उमड़ी आस्था
सिंगरौली। हरितालिका तीज के पावन पर्व पर सोमवार को जिलेभर में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। विशेषकर बरगवां स्थित ब्रह्मलोक मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं ने पहुंचकर भगवान शिव-पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पति की लंबी उम्र, दांपत्य सुख एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।सु बह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक श्रृंगार कर व्रत रखकर पूजा में हिस्सा लिया। मंदिर में भजन-कीर्तन और मंगल गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
व्रत का महत्व
धार्मिक मान्यता के अनुसार हरितालिका तीज व्रत का विशेष महत्व है। कथा के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति स्वरूप प्राप्त करने के लिए कठोर तप किया था। उसी की स्मृति में महिलाएं निर्जला उपवास रखकर दिनभर पूजा करती हैं और रात्रि जागरण कर व्रत संपन्न करती हैं। ऐसा माना जाता है कि इस व्रत से पति की आयु लंबी होती है, वैवाहिक जीवन सुखमय बनता है तथा अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
ब्रह्मलोक मंदिर समिति की ओर से विशेष सजावट और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।

