05 फरवरी 2026 से बंद होगा बरगवां यार्ड का समपार 105, आरओबी निर्माण से बदलेगी तस्वीर

05 फरवरी 2026 से बंद होगा बरगवां यार्ड का समपार 105, आरओबी निर्माण से बदलेगी तस्वीर
सिंगरौली। कटनी–सिंगरौली रेलखंड के दोहरीकरण कार्य के तहत बरगवां यार्ड के पास स्थित समपार क्रमांक 105 (किमी 1321/641.616) पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण शुरू किया जा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे की इस महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत 1×60 मीटर बो-स्ट्रिंग गर्डर स्पैन का आरओबी बनाया जाएगा, जिससे रेल और सड़क यातायात को स्थायी राहत मिलेगी और बार-बार गेट बंद रहने की समस्या खत्म होगी आरओबी निर्माण को लेकर रेलवे और इरकॉन ने स्पष्ट किया है कि समपार पर लगातार सड़क यातायात के कारण कार्य में बाधा आ रही थी। इसी वजह से 05 फरवरी 2026 से समपार क्रमांक 105 को सड़क यातायात के लिए पूर्णतः बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पास में स्थित नेशनल हाईवे के आरओबी से कराई जाएगी, जो समपार से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह अस्थायी व्यवस्था कार्य पूर्ण होने तक लागू रहेगी। आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि आरओबी बन जाने के बाद क्षेत्र में यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध हो जाएगा। साथ ही कटनी–सिंगरौली दोहरीकरण परियोजना को तय समय पर पूरा करने में भी मदद मिलेगी, जिसका सीधा लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा।













