दुग्ध उत्पादन दोगुना करने की दिशा में सिंगरौली में बड़ा अभियान, घर-घर पहुंचेगी टीम”

“दुग्ध उत्पादन दोगुना करने की दिशा में सिंगरौली में बड़ा अभियान, घर-घर पहुंचेगी टीम”
सिंगरौली, 6 दिसंबर 2025। जिले में दुग्ध उत्पादन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से “दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान” के द्वितीय चरण की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को दोगुना करने के लक्ष्य के तहत यह अभियान दिसंबर माह में पूरे जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान का संचालन कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन और उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
द्वितीय चरण के अंतर्गत पाँच से नौ गाय एवं भैंस पालने वाले पशुपालकों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इस दौरान पशुपालकों को उनके पशुओं में नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित पशु पोषण एवं पशु स्वास्थ्य प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि दुग्ध उत्पादन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। अभियान का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक पद्धतियों को गांव-गांव तक पहुंचाते हुए पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के समस्त मैदानी अमले को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षित टीमें आगामी दिनों में घर-घर जाकर जागरूकता गतिविधियाँ संचालित करेंगी और पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ेंगी। इससे न केवल जिले में दुग्ध उत्पादन को नई दिशा और गति मिलेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्राप्त होगी।













