गनियारी में अवैध खनन का धंधा चरम पर, प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
खानापूर्ति बनकर रह गई कार्रवाई....

गनियारी में अवैध खनन का धंधा चरम पर, प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
सिंगरौली। जिले के वार्ड क्रमांक 41 स्थित गनियारी क्षेत्र में अवैध मुर्म खनन का कारोबार खुलेआम चल रहा है। रेलवे क्रॉसिंग के पास रोजाना भारी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीनें गड़गड़ाहट के साथ खनन व परिवहन करती नजर आती हैं। हैरानी की बात यह है कि यह सबकुछ प्रशासन, खनिज विभाग और यातायात पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक केवल चुप्पी देखी जा रही है।
बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर, पुलिस मौन
जहां यातायात पुलिस सड़क पर बाइक सवार युवाओं पर सख्ती दिखाकर चालान काटती है, वहीं अवैध खनन में लगे बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी वाहन पुलिसकर्मियों की आंखों के सामने से बेखौफ गुजरते हैं। इस रवैये ने प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खानापूर्ति बनकर रह गई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पहले खनिज विभाग ने गनियारी क्षेत्र में छापेमारी कर कई ट्रैक्टर, जेसीबी और हाइवा जब्त किए थे। लेकिन यह कार्रवाई स्थायी असर नहीं छोड़ सकी। कुछ ही दिनों बाद खनन माफिया फिर से उसी स्थान पर सक्रिय हो गए। इससे साफ है कि विभागीय कार्यवाही महज खानापूर्ति साबित हो रही है।
पर्यावरण और सड़कों पर असर
बिना अनुमति हो रहे खनन से गनियारी की प्राकृतिक संरचना प्रभावित हो रही है। मिट्टी की गुणवत्ता बिगड़ रही है, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी है। स्थानीय लोग रोजाना जाम और धूल-मिट्टी की समस्या से जूझ रहे हैं। मवेशियों और खेतों को भी लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नाबालिग बच्चों के हाथों में स्टेरिंग
इस अवैध कारोबार की सबसे खतरनाक तस्वीर तब सामने आती है, जब नाबालिग बच्चों को ट्रैक्टर चलाते देखा जाता है। शराब के नशे में धुत्त, बिना लाइसेंस और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वाले ये किशोर कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। आए दिन मवेशियों के इनकी चपेट में आने की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
सूचना देने पर भी कार्रवाई नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पुलिस और खनिज विभाग को अवैध खनन की सूचना दी गई, लेकिन या तो कार्रवाई में देरी हुई या फिर टीम मौके पर पहुंची ही नहीं। लोगों का आरोप है कि खनन माफियाओं और अधिकारियों के बीच गुप्त मिलीभगत के चलते यह धंधा दिनदहाड़े चल रहा है।
बड़ा हादसा कभी भी संभव
गनियारी क्षेत्र में जिस तरह से अवैध खनन का खेल चल रहा है और नाबालिग वाहन चलाते दिख रहे हैं, उससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जिम्मेदार अधिकारी जल्द कदम नहीं उठाते तो आने वाले समय में गंभीर दुर्घटनाओं से
इंकार नहीं किया जा सकता।













