एक बगिया माँ के नाम” अभियान में सिंगरौली प्रदेश में अव्वल

“एक बगिया माँ के नाम” अभियान में सिंगरौली प्रदेश में अव्वल
सिंगरौली, 8 सितम्बर 2025।
महिला सशक्तिकरण और स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आर्थिक उन्नति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही “एक बगिया माँ के नाम” योजना में सिंगरौली जिले ने प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत प्रारंभ की गई इस परियोजना के तहत महिलाओं को अपनी निजी भूमि पर फलदार पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिले में 300 कार्यों का लक्ष्य रखा गया था, जबकि अब तक 565 कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, जो जिले की महिलाओं के उत्साह और सक्रियता को दर्शाता है।
कलेक्टर चन्द्र शेखर शुक्ला और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश के मार्गदर्शन में पात्र हितग्राहियों को पौधों की सुरक्षा, कटीले तार की फेंसिंग, पौधे खरीदने, खाद, गड्ढे खोदने से लेकर सिंचाई के लिए 50 हजार लीटर क्षमता वाले जलकुंड के निर्माण हेतु राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत और प्रशासन की सक्रियता से जिले में तेजी से फलोद्यान विकसित हो रहे हैं। इसी का परिणाम है कि प्रदेश स्तर पर जारी रैंकिंग में सिंगरौली ने पहला स्थान प्राप्त किया है।













