आगर मालवा में साप्ताहिक जनरल परेड एवं बलवा ड्रिल का आयोजन
त्योहारों को लेकर पुलिस बल ने किया तैयारियों का अभ्यास
आगर मालवा में साप्ताहिक जनरल परेड एवं बलवा ड्रिल का आयोजन
त्योहारों को लेकर पुलिस बल ने किया तैयारियों का अभ्यास
संवाददाता आगर मालवा,
12 सितम्बर।पुलिस लाइन आगर मालवा में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का निरीक्षण कर अनुशासन और टर्नआउट का मूल्यांकन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत भी किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली। इस दौरान जवानों ने अनुशासित कदमताल, शारीरिक अनुशासन और शस्त्र संचालन का प्रदर्शन किया। परेड का संचालन सूबेदार जगदीश यादव और उपनिरीक्षक सुनीता परिहार ने किया।
आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस बल की तैयारियों को परखने हेतु बलवा ड्रिल का आयोजन भी किया गया। इस अभ्यास में जवानों ने भीड़ नियंत्रण, त्वरित निर्णय क्षमता और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की रणनीतियों का प्रदर्शन किया। ड्रिल में स्मोक गन, टियर गैस गन, हैंड ग्रेनेड और वज्र वाहन का प्रयोग कर आपात स्थिति से निपटने की तैयारी दिखाई गई। मॉक ड्रिल के दौरान बलवाई की भूमिका निभाने वाले कर्मियों पर अनुशासित तरीके से लाठीचार्ज और टियर गैस का प्रयोग कर वास्तविक परिस्थितियों जैसा माहौल तैयार किया गया।
एसपी सिंह ने बताया कि ऐसे अभ्यास पुलिस बल की दक्षता बढ़ाने और त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहायक सिद्ध होंगे।













