पटवारी आरई तहसीलदार के दफ्तर के चक्कर काटने के बाद सीमांकन के विरोध में महुआ के पेड़ पर चढ़ा ग्रामीण,
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है
सिंगरौली मध्यप्रदेश
पटवारी आरई तहसीलदार के दफ्तर के चक्कर काटने के बाद सीमांकन के विरोध में महुआ के पेड़ पर चढ़ा ग्रामीण,
सिंगरौली जिले के सरई क्षेत्र अंतर्गत गजराबहरा गांव में भूमि सीमांकन के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक ग्रामीण सीमांकन प्रक्रिया का विरोध करते हुए महुआ के पेड़ पर चढ़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, मान सिंह पिता दिलीप सिंह भूमि सीमांकन की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर गांव में स्थित एक महुआ के पेड़ पर चढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सीमांकन कार्य के दौरान उन्होंने अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विरोध स्वरूप यह कदम उठाया।ग्रामीण का आरोप है कि सीमांकन कार्य में निष्पक्षता नहीं बरती जा रही है और उसकी भूमि के संबंध में गलत तरीके से कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में कई स्थानों पर भूमि सीमांकन को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। उनका आरोप है कि राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और सीमांकन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी के कारण ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ रहे हैं। कई मामलों में लोग न्याय की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की ओर से विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित पक्षों को न्याय दिलाने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ग्रामीणों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि राजस्व विभाग और जिला प्रशासन इस विवाद का समाधान किस प्रकार करते हैं।


