BlogBusinessLife Style

जनकल्याण शिविरों के प्रभावी संचालन एवं विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित

जनकल्याण शिविरों के प्रभावी संचालन एवं विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

सिंगरौली / कलेक्टर  गौरव बैनल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनकल्याणकारी गतिविधियों तथा विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर श्री बैनल ने 12 जून से 18 जून तक जिले में संचालित जनकल्याण शिविरों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकासखंड स्तर के सभी विभागीय अधिकारी शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण करें तथा उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करें। साथ ही ग्राम स्तर पर क्लस्टर निर्धारित कर जनकल्याण शिविरों का आयोजन किए जाने के निर्देश भी दिए बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में चर्चा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को अपने सुझाव निर्धारित पोर्टल ucc.mp.gov.in पर दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से अधिकाधिक सुझाव प्राप्त करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।नगर निगम की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आयुक्त को वर्षाकाल से पूर्व नालों एवं नालियों की समुचित सफाई कराने तथा उनमें कीटनाशक दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय क्षेत्र में संभावित जलभराव एवं डूब क्षेत्र वाले स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने को कहा। इसके साथ ही जर्जर भवनों का सर्वे कर उनकी सूची एवं पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा मॉडल रोड निर्माण कार्यों को वर्षा प्रारंभ होने से पहले पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉडल रोड निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के संबंध में कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम सभाओं के माध्यम से वन संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन से संबंधित दावों का नियमानुसार निराकरण कर पात्र ग्राम सभाओं को अधिकार प्रदान करना सुनिश्चित करें। बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा खराब केबलों एवं जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी एवं वर्षा के मौसम को देखते हुए विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग, जिला परिवहन विभाग, खनिज विभाग तथा अनुविभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोयला एवं फ्लाई ऐश परिवहन के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आमजन को होने वाली असुविधाओं को भी रोका जा सके। बैठक के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गेमे, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अखिलेश सिंह, संजीव पाण्डेय, प्रशांत त्रिपाठी, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, एसडीएम देवसर सौरभ मिश्रा, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी देवेन्द्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, डिप्टी कलेक्टर माइकेल तिर्की, जिला शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह, डीपीसी आर.एल शुक्ला, खनिज अधिकारी आकाक्षा पटेल, जिला परिवहन अधिकरी बिक्रम सिंह राठौर सहित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button