Life StyleSingrauliखास खबरमध्य प्रदेश

महिला सफाई मित्र: शहर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत आधारशिला- आरपी बैस

सिंगरौली में महिला सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित

सिंगरौली में महिला सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित

महिला सफाई मित्र: शहर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत आधारशिला- आरपी बैस

सिंगरौली 19 जून 2026/नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मार्गदर्शन एवं नगर निगम सिंगरौली की आयुक्त सविता प्रधान के निर्देशन में फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा महिला सफाई मित्रों हेतु स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन नगर निगम सभागार में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपायों, स्वच्छता संबंधी आदतों एवं सुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त आर.पी. बैस एवं स्वास्थ्य अधिकारी बालगोविंद चतुर्वेदी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री बैस ने कहा कि महिला सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं तथा उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के विभिन्न आयामों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, कचरे के सुरक्षित संग्रहण एवं परिवहन, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा सुरक्षा उपकरणों जैसे ग्लव्स, मास्क, गमबूट एवं एप्रन के नियमित उपयोग और रखरखाव के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। वहीं आईईसी टीम द्वारा गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम सिंगरौली द्वारा जिला चिकित्सालय के सहयोग से महिला सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर, ब्लड टेस्ट सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को आवश्यक परामर्श एवं सावधानियों की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से लखविंद्र सिंह, प्रदीप श्रीवास्तव एवं राहुल प्रजापति ने प्रशिक्षण एवं समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यशाला में महिला सफाई मित्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के समापन पर निगम द्वारा प्रभावी आयोजन हेतु फीडबैक फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया गया तथा उपस्थित सभी महिला सफाई मित्रों को सुरक्षा किट वितरित की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button