Singrauliक्राइममध्य प्रदेश

थाना जियावन पुलिस की मुस्तैदी से शातिर आरोपी रवि कुशवाहा गिरफ्तार,

न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जिला जेल पचोर..

कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला सिंगरौली (म.प्र.)

अपहरण व दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला: थाना जियावन पुलिस की मुस्तैदी से शातिर आरोपी रवि कुशवाहा गिरफ्तार, माननीय न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जिला जेल पचोर

सिंगरौली: महिला सुरक्षा एवं उनके विरुद्ध घटित अपराधों पर त्वरित एवं सख्त वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक  शियाज़ के.एम (भा.पु.से.) द्वारा दिए गए कड़े निर्देशों के अनुपालन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  सर्वप्रिय सिन्हा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) देवसर अनुभाग डॉक्टर गायत्री तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में थाना जियावन पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।थाना प्रभारी जियावन उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी व साइबर साक्ष्यों की मदद से, युवती का जबरन अपहरण कर अलग-अलग राज्यों में ले जाकर दुष्कर्म करने वाले शातिर आरोपी रवि कुशवाहा को मुस्तैदी से गिरफ्तार कर लिया है। माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जिला जेल पचोर में निरुद्ध कराया गया है।

दिनांक 29/05/2026 को पीड़िता जब अपने कॉलेज में परीक्षा देकर बाहर निकली थी, तभी आरोपी रवि कुशवाहा उसे बर्बाद करने की धमकी देते हुए जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर ले गया था। इसी दिनांक 29/05/2026 को पीड़िता के पिता द्वारा थाना जियावन में अपनी पुत्री के अचानक लापता होने की सूचना दर्ज कराई गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल ‘गुम इंसान’ प्रकरण पंजीकृत कर साइबर सेल एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सघन खोजबीन प्रारंभ की गई।

तकनीकी सर्विलांस और साइबर सेल के सहयोग से गुमशुदा पीड़िता की लोकेशन आंध्र प्रदेश में पाई गई। आरोपी पीड़िता को डरा-धमकाकर देश के विभिन्न शहरों (सतना, रीवा, सीधी, शहडोल, बिलासपुर, विशाखापत्तनम) से होते हुए तिरुअनंतपुरम (केरल) ले गया था। वहां एक किराये के मकान में बंधक बनाकर आरोपी ने पीड़िता की इच्छा के विरुद्ध कई बार दुष्कर्म (गलत काम) किया। पुलिस द्वारा की जा रही लगातार तकनीकी ट्रैकिंग एवं परिजनों के सक्रिय सहयोग से पीड़िता को तिरुअनंतपुरम से सकुशल दस्तयाब कर वापस लाया गया। इसके पश्चात दिनांक 16/06/2026 को पीड़िता थाने में उपस्थित होकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

अपराध पंजीयन एवं विधिक कार्रवाई:

पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना जियावन में आरोपी के विरुद्ध नए विधिक प्रावधानों के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 127(2) (जबरन अपहरण), 87 (प्रताड़ना एवं आपराधिक धमकी), तथा 64(2)(m) (संगीन दुष्कर्म) के तहत अपराध क्रमांक 0368/2026 पंजीकृत कर विवेचना में लिया गया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 में निहित वैधानिक प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन करते हुए आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम का गठन किया गया था।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

नाम व पता: रवि कुशवाहा पिता दादू लाल कुशवाहा, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम धनहा, थाना जियावन, जिला सिंगरौली (म.प्र.)।

वर्तमान स्थिति: पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर मुस्तैदी से गिरफ्तार किया गया। माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने पर न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जिला जेल पचोर में निरुद्ध कराया गया है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास (पूर्व रिकॉर्ड):

पकड़ा गया आरोपी रवि कुशवाहा आदतन अपराधी और अत्यंत मनबढ़ किस्म का व्यक्ति है। इसके विरुद्ध पूर्व में भी थाना जियावन में महिलाओं से संबंधित छेड़छाड़ का गंभीर मामला पंजीबद्ध है। इसके अतिरिक्त, दिनांक 23 जनवरी 2026 को भी उक्त आरोपी ने ग्राम धनहा स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर भारी हंगामा व उत्पात मचाया था, जिसके कारण क्षेत्र में गंभीर कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित हुई थी।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:

इस अत्यंत गंभीर और संवेदनशील महिला संबंधी अपराध के त्वरित खुलासे, पीड़िता की सकुशल दस्तयाबी तथा शातिर आरोपी को तत्परता से अभिरक्षा में लेने में थाना प्रभारी जियावन उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे के कुशल नेतृत्व में निम्नलिखित टीम की सराहनीय भूमिका रही है:

उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे (थाना प्रभारी जियावन),उपनिरीक्षक इंद्रपाल वर्मा,सहायक उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह,आरक्षक दिनेश सिंह,आरक्षक खुम सिंह,आरक्षक विजेंद्र सिंह,सहित थाना जियावन का समस्त बल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button